उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम, 10 जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम, 10 जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

ब्यूरो रिपोट

उत्तराखंड में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 27 जून को राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 10 घंटों के दौरान मौसम तेजी से बदल सकता है और कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना व्यक्त की गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

राजधानी देहरादून में भी मौसम करवट लेने के आसार हैं। दिनभर बादल छाए रहने के साथ बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि तेज बारिश और आंधी को देखते हुए लोगों से सतर्कता बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।