

स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोट


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में लालकुआं और हल्दूचौड़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार किया है दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम थाना क्षेत्रों में हुई सात बड़ी चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा हो गया है।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.28 लाख रुपये से अधिक की नकदी, चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से लालकुआं क्षेत्र में देर रात दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं लगातार हो रही इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल ने विशेष पुलिस टीम का गठन किया और जल्द से जल्द खुलासे के निर्देश दिए।टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से 26 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा रात के समय दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करता था, जबकि उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी रखता था ताकि किसी के आने की स्थिति में तुरंत भागा जा सके चोरी के बाद दोनों आरोपी नकदी को आपस में बांटकर नशे और अन्य शौक पूरे करने में खर्च कर देते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा थाना लालकुआं का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं वहीं उसके साथी राजू बहादुर के विरुद्ध भी थाना लालकुआं में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे दोनों के लंबे आपराधिक इतिहास का पता चलता है।

इस सफल कार्रवाई को क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से कई अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है और उनसे आगे भी गहन पूछताछ की जा रही है वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।



