भारत बनाम आयरलैंड पहला टी20 आज बेलफास्ट में, वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर टिकी निगाहें

भारत बनाम आयरलैंड पहला टी20 आज बेलफास्ट में, वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर टिकी निगाहें

ब्यूरो रिपोट

भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जा रहा है। इंग्लैंड दौरे से पहले यह सीरीज टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें युवा खिलाड़ियों को परखने का मौका भी मिल सकता है।

मैच का टॉस भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे होगा, जबकि पहली गेंद शाम 6:00 बजे फेंकी जाएगी। दोनों टीमें इस मुकाबले में जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेंगी।

इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर है। क्रिकेट प्रशंसक यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि क्या उन्हें आज ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिलता है या नहीं। उनके चयन को लेकर टीम प्रबंधन की रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि भारतीय टीम टी20 विश्व कप 2026 में खिताबी जीत के बाद पहली बार इस फॉर्मेट में मैदान पर उतरी है। टीम अब नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में खेल रही है और वह जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगे।

भारत और आयरलैंड के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने सभी 8 मैच जीते हैं। आयरलैंड अब तक भारत के खिलाफ अपना खाता खोलने में सफल नहीं हो सका है।

बेलफास्ट के इस मैदान पर दोनों टीमें पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने हैं। इससे पहले वर्ष 2007 में इसी मैदान पर भारत और आयरलैंड के बीच एक वनडे मैच खेला गया था। अब देखना होगा कि यह मुकाबला किसके नाम रहता है।