राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस: 28 जून को 1505 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस: 28 जून को 1505 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोट

राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस के तहत 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद का कोई भी 0 से 5 वर्ष तक का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी बूथों, ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों की तैयारियां समय से पूरी करने तथा वैक्सीन, दवाइयों, वैक्सीन कैरियर, प्रचार सामग्री और आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील, दुर्गम और प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में बताया गया कि 28 जून को जनपद में कुल 1505 बूथों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इनमें 1399 स्थिर बूथ, 82 ट्रांजिट बूथ और 24 मोबाइल बूथ शामिल हैं। इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान के लिए 1498 टीमें और 444 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित हों। वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के माध्यम से घर-घर संपर्क कर अभियान की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस विभाग को ट्रांजिट बूथों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचे और कोई भी पात्र बच्चा छूटने न पाए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में कोई पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित पाया गया तो संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस अभियान को पूर्ण सफलता दिलाने का आह्वान किया।