

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोट


चमोली जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र में कल देर रात हुई भारी बारिश के दौरान बादल फटने जैसी घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणगढ़ के पीछे से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण विद्यालय परिसर और आसपास के भवनों में मलबा भर गया।


स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना लगभग रात 12 बजे के आसपास हुई, जब तेज बारिश और वज्रपात के साथ अचानक पहाड़ी से मलबा नीचे आ गया। इससे नारायणगढ़ मुख्य बाजार में खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं, जिन्हें निकालने का काम स्थानीय प्रशासन और राहत दलों द्वारा किया जा रहा है।



मलबा आने के कारण सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग भी अवरुद्ध हो गया था, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा मार्ग को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है ताकि आवाजाही सामान्य की जा सके।


घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इंटर कॉलेज और आसपास रहने वाले लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई तथा कई लोगों ने अन्य घरों में शरण ली। हालांकि प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में मलबा हटाने और राहत कार्य तेजी से जारी हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।


