पुराने मकान में घुसे गुलदार का सफल रेस्क्यू, छात्रा पर हमले के बाद वन विभाग की कार्रवाई

पुराने मकान में घुसे गुलदार का सफल रेस्क्यू, छात्रा पर हमले के बाद वन विभाग की कार्रवाई

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोट

चंपावत जिले के लोहाघाट ब्लॉक के नाकोट ग्राम सभा के पटोली गांव में एक पुराने मकान में घुसे गुलदार का वन विभाग ने गुरुवार को सफल रेस्क्यू कर लिया। एसडीओ वन विभाग नेहा चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में विशेषज्ञ टीम ने पशु चिकित्सकों की सहायता से गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पिंजरे में कैद किया और उसे लोहाघाट वन विभाग कार्यालय लाया गया।

वन विभाग के अनुसार, एक दिन पहले इसी गांव में बकरी चरा रही एक छात्रा पर गुलदार ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। घटना के बाद वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए कैमरा ट्रैप लगाने का अभियान शुरू किया। इसी दौरान टीम को ग्रामीण लक्ष्मण सिंह भंडारी के पुराने मकान में गुलदार दिखाई दिया।

एसडीओ नेहा चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही विशेषज्ञ टीम ने मौके पर पहुंचकर पशु चिकित्सकों के सहयोग से गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया। इसके बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में बंद कर लोहाघाट वन विभाग कार्यालय लाया गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उपचार के बाद गुलदार को रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।

रेस्क्यू अभियान के दौरान वन बीट अधिकारी रोहित मेहता ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया। अभियान में लोहाघाट रेंजर रमेश जोशी, वन दरोगा अजय, वन बीट अधिकारी पीयूष सिंह, कमलेश, वन दरोगा शिवानी खर्कवाल सहित वन विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।

इस बीच एसडीओ नेहा चौधरी ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को अकेला बाहर न भेजें, अकेले जंगल की ओर जाने से बचें और यदि आवश्यक हो तो समूह में शोर करते हुए निकलें। उन्होंने गांव के पुराने और खाली पड़े भवनों के आसपास भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।

वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्कर सिंह बोहरा, ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह तथा ग्रामीणों ने दावा किया कि क्षेत्र में अभी भी दो से तीन अन्य गुलदार सक्रिय हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गुलदार के रेस्क्यू की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने के लिए मौके पर पहुंच गए।