नैनीताल में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, डिजिटलाइजेशन में धीमी प्रगति पर नाराजगी

नैनीताल में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, डिजिटलाइजेशन में धीमी प्रगति पर नाराजगी

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर
: संजय जोशी

राज्य अतिथि गृह हल्द्वानी में शनिवार को जनपद नैनीताल में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी Dr Vijay Kumar Jogdande ने की, जिसमें जिला निर्वाचन अधिकारी Lalit Mohan Ryal भी उपस्थित रहे।

बैठक में विधानसभा वार गणना फार्म के डिजिटलाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान कालाढूंगी, भीमताल, हल्द्वानी और नैनीताल विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटलाइजेशन की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की गई।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन सुबह और शाम बूथवार समीक्षा की जाए, ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर प्रगति कम है, वहां विशेष ध्यान दिया जाए और आवश्यकतानुसार डाटा एंट्री ऑपरेटरों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही अतिरिक्त मोबाइल टीमों को भी तैनात करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।

डॉ. जोगदण्डे ने यह भी निर्देश दिए कि ऑनलाइन गणना फार्म भरने के लिए आम जनता को प्रेरित किया जाए और शैडो एरिया यानी नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में आईटी एवं मोबाइल टीमों को भेजकर बीएलओ को सहायता प्रदान की जाए।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्य समयबद्ध और अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन घरों में लोग नहीं मिलते, वहां कम से कम तीन बार भ्रमण किया जाए तथा बूथ लेवल एजेंट को साथ लेकर उचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान बीएलओ ऐप के नए मॉड्यूल्स का प्रशिक्षण भी अधिकारियों को दिया गया, ताकि डिजिटल कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी Vivek Rai, सिटी मजिस्ट्रेट A P Vajpayee, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच. डी. पांडे सहित सभी उपजिलाधिकारी और संबंधित निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।