पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त 20 जून को होगी जारी, हरिद्वार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारी तेज

पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त 20 जून को होगी जारी, हरिद्वार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारी तेज

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त 20 जून को जारी की जाएगी। इसको लेकर राज्य में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में बैठक कर कार्यक्रम की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि 23वीं किस्त के हस्तांतरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम हरिद्वार में आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसमें शामिल हो सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विकासखंडों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे किसानों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। योजना के लाभ को हर पात्र किसान तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में आगामी 26 जून को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि केंद्रीय मंत्री इस दौरान पंतनगर और रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्रीय मंत्री के दौरे से जुड़े सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके।

दौरे के दौरान दो प्रमुख योजनाओं का शुभारंभ भी प्रस्तावित है। इसमें फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बेहतर लाभ पहुंचाने के लिए जिलों में वेदर स्टेशनों की शुरुआत की जाएगी।

इसके साथ ही जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार की 25 करोड़ रुपये की योजना का भी शुभारंभ किया जाएगा। यह योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत की गई है, जिसके तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में क्लस्टर आधारित कार्य किए जाएंगे।

सरकार का मानना है कि इन पहलों से किसानों को न केवल आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि फसल उत्पादन और संरक्षण व्यवस्था भी और मजबूत होगी।