ओमान तट के पास भारतीय जहाज ‘MT जलवीर’ पर हमला, तीन दिन में तीसरी घटना से बढ़ी चिंता

ओमान तट के पास भारतीय जहाज ‘MT जलवीर’ पर हमला, तीन दिन में तीसरी घटना से बढ़ी चिंता

ब्यूरो रिपोर्ट

ओमान के शिनास बंदरगाह के पास भारतीय जहाज MT जलवीर पर हमले की घटना सामने आई है। सामने आई तस्वीरों में जहाज समुद्र में आग की लपटों से घिरा हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

ओमान प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्हें शिनास बंदरगाह के पास एक पोत से संबंधित घटना की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

अधिकारियों के अनुसार घटना की विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। फिलहाल हमले के कारणों और नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस घटना की जानकारी ओमान स्थित भारतीय दूतावास की ओर से भी दी गई है। भारतीय अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इससे पहले भी ओमान तट के पास ही एक अन्य जहाज पर हमला हुआ था, जिसमें 24 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। उस घटना में कई लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि कुछ के लापता होने और बाद में मौत की पुष्टि की खबरें सामने आई थीं।

बुधवार को हुए हमले में जिस जहाज को निशाना बनाया गया था उसका नाम सेटेबेलो बताया गया है। उस घटना ने भी अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

लगातार तीन दिनों में तीन अलग-अलग जहाजों पर हमलों ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञ इसे क्षेत्रीय तनाव और समुद्री सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा मान रहे हैं।

भारत सरकार ने पहले हुए हमले की कड़ी निंदा की है और इस मामले में कूटनीतिक स्तर पर भी बातचीत शुरू की गई है। भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल ओमान तट के पास सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और पूरे मामले की जांच जारी है। आने वाले दिनों में इन हमलों को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।