जसपुर में खिलाड़ियों को मिली नई सौगात, वॉलीबॉल और रनिंग ग्राउंड का हुआ उद्घाटन

जसपुर में खिलाड़ियों को मिली नई सौगात, वॉलीबॉल और रनिंग ग्राउंड का हुआ उद्घाटन

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंघल की निजी भूमि पर विकसित नए खेल मैदानों का उद्घाटन कर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं की सौगात दी गई।

इस अवसर पर उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के चेयरमैन महेश नेगी ने फीता काटकर वॉलीबॉल ग्राउंड और खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए तैयार किए गए रनिंग ग्राउंड का शुभारंभ किया। इससे पहले भी यहां बास्केटबॉल ग्राउंड का निर्माण कराया जा चुका है।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी, खेल प्रेमी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान खेलों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के साथ 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता और वॉलीबॉल मैच का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर महेश नेगी ने कहा कि जसपुर में पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंघल द्वारा अपनी निजी भूमि खिलाड़ियों के लिए समर्पित करना पूरे प्रदेश में एक अनूठा और प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति इतनी प्रतिबद्धता बहुत कम देखने को मिलती है और इसका लाभ आने वाले वर्षों में हजारों खिलाड़ियों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन इसकी बड़ी उपलब्धि है। राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई थी और प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

महेश नेगी ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी और खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी।

वहीं पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में यहां और भी खेल गतिविधियां शुरू की जाएंगी। उनका मानना है कि खेल मैदान युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं तथा शारीरिक दक्षता की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए भी यह परिसर बेहद उपयोगी साबित होगा।