

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट


जनपद नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर अपनी जनसेवा और तत्परता का परिचय देते हुए एक पर्यटक का खोया हुआ पर्स और वाहन की चाबी सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशंसा की है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आमजन की सहायता और जनसेवा को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


मंगलवार को चौकी सलड़ी, कोतवाली भीमताल क्षेत्र में पुलिस को एक पर्स और वाहन की चाबी लावारिस अवस्था में मिली। पुलिस टीम ने तत्काल पर्स की जांच कर उसमें मौजूद दस्तावेजों के आधार पर उसके स्वामी की पहचान करने का प्रयास शुरू किया।

जांच के दौरान पर्स के स्वामी की पहचान राजस्थान के जोधपुर निवासी संजीव मेहता के रूप में हुई। इसके बाद चौकी सलड़ी पुलिस ने उपलब्ध मोबाइल नंबरों के माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया और सामान मिलने की सूचना दी।
सूचना प्राप्त होने पर मेहता चौकी सलड़ी पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनका पर्स और वाहन की चाबी सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दी।

अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर मेहता ने खुशी व्यक्त की और नैनीताल पुलिस का आभार जताया। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ईमानदारी और जनहितकारी कार्यशैली की सराहना की।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सहायता करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से जनपद पुलिस लगातार लोगों की मदद और सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है।
नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को कोई लावारिस वस्तु मिले तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या चौकी को दें, ताकि वह वस्तु सुरक्षित रूप से उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाई जा सके।

