

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


देश के सर्वाधिक समय तक प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का कीर्तिमान स्थापित करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और निरंतर नेतृत्व की कामना के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार के गोविंद घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सफल जीवन के लिए विशेष प्रार्थना भी की।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। गोविंद घाट पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मां गंगा का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया और देश की उन्नति एवं समृद्धि की कामना की गई।



इस अवसर पर भाजपा नेता राजीव शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना थके, बिना रुके और बिना किसी अवकाश के अपना प्रत्येक क्षण राष्ट्रसेवा को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में किए गए उनके कार्य पूरे विश्व के लिए मिसाल बन चुके हैं।


राजीव शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्षों और उससे पूर्व गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान नरेंद्र मोदी ने नए भारत के निर्माण की मजबूत नींव रखी है। उनके नेतृत्व में देश ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व और अथक परिश्रम के बल पर भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में यह लक्ष्य अवश्य प्राप्त करेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई और मजबूत पहचान बनाई है। आज दुनिया भारत की ओर नए विश्वास और सम्मान के साथ देख रही है।


उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश ने अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। इन प्रयासों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घ और सफल नेतृत्व की कामना करते हुए मां गंगा से देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और विश्वगुरु बनने के संकल्प को साकार करने का आशीर्वाद मांगा

