फ्यूज जोड़ने गए लाइनमैन की करंट लगने से मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

फ्यूज जोड़ने गए लाइनमैन की करंट लगने से मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

स्थान : खटीमा
ब्यरो रेपोर्ट

खटीमा क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्रामीण क्षेत्र में ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ने गए एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है और उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, लाइनमैन रंजीत अपने साथी कर्मचारियों के साथ ग्रामीण क्षेत्र में ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ने के लिए गया था। कार्य शुरू करने से पहले नियमानुसार कंट्रोल रूम से सेटडाउन मांगा गया था, ताकि बिजली आपूर्ति बंद कर सुरक्षित तरीके से काम किया जा सके।

प्रत्यक्षदर्शी लाइनमैन जितेंद्र के अनुसार, सेटडाउन नहीं मिलने के बावजूद लाइन में करंट बना रहा। इसी दौरान जैसे ही रंजीत पोल पर चढ़कर कार्य करने लगा, उसे तेज करंट का झटका लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद ठेकेदार के सुपरवाइजर ने भी हादसे के लिए कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी दीप चंद्र की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यदि समय पर सेटडाउन दिया गया होता तो यह दुर्घटना नहीं होती और एक कर्मचारी की जान बचाई जा सकती थी।

नागरिक अस्पताल में मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक भुवन कापड़ी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी लाइनमैनों के साथ करंट लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर खामियों की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल इस हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।