

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


पहाड़ों की रानी मसूरी में वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भारी आमद के चलते यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचे, जिसके कारण शहर की सड़कों पर लंबा जाम देखने को मिला।


वीकेंड पर देहरादून-मसूरी मार्ग से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों और पर्यटन स्थलों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं कई स्थानों पर वाहन घंटों तक रेंगते नजर आए, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।



जमीनी पड़ताल में सामने आया कि सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन जाम की सबसे बड़ी वजह बन रहे हैं शहर में पार्किंग स्थलों पर बढ़ते दबाव के कारण कई वाहन सड़कों पर ही खड़े किए जा रहे हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है।


पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बीच पार्किंग व्यवस्था भी नाकाफी साबित हो रही है शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में वाहनों के दबाव के कारण सड़कें संकरी पड़ती दिखाई दीं, जिससे यातायात संचालन प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति लगातार बनी रही।

जाम के कारण कई यात्रियों को घंटों तक सड़कों पर फंसे रहना पड़ा वहीं स्थानीय निवासियों को भी दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा व्यापारियों और आम नागरिकों ने भी ट्रैफिक समस्या पर चिंता व्यक्त की है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि वीकेंड और पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है उनका मानना है कि बिना पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था वाले होटल और होम-स्टे भी ट्रैफिक समस्या को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।


नागरिकों ने प्रशासन से पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की है उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले वर्षों में मसूरी में ट्रैफिक समस्या और गंभीर रूप धारण कर सकती है।

