सतोपंथ स्वर्गारोहिणी ट्रैक खुला, श्रद्धालुओं और ट्रैकर्स में उत्साह

सतोपंथ स्वर्गारोहिणी ट्रैक खुला, श्रद्धालुओं और ट्रैकर्स में उत्साह

स्थान : सतोपंथ
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम के आगे गढ़वाल हिमालय की गोद में बसे पवित्र सतोपंथ स्वर्गारोहिणी क्षेत्र का आध्यात्मिक ट्रैकिंग मार्ग इस सीजन के लिए खुल गया है समुद्र तल से लगभग 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित यह क्षेत्र अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक महत्व के लिए देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है।

सतोपंथ सरोवर को हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है मान्यता है कि त्रिकोणाकार आकार वाले इस दिव्य सरोवर के तीन कोनों में ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास है धार्मिक विश्वास के अनुसार भाद्रपद माह की एकादशी के दिन त्रिदेव यहां स्नान करने आते हैं, जिसके बाद सरोवर का जल अमृत के समान पवित्र हो जाता है।

यह क्षेत्र महाभारत काल से भी जुड़ा हुआ है मान्यता है कि पांचों पांडव और द्रौपदी इसी मार्ग से स्वर्गारोहिणी यात्रा पर निकले थे यही कारण है कि सतोपंथ ट्रैक को केवल साहसिक पर्यटन ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक साधना और आस्था की यात्रा के रूप में भी देखा जाता है।

ट्रैक खुलने के बाद अब तक तीन पर्वतारोही दल सफलतापूर्वक सतोपंथ अभियान पूरा कर सुरक्षित रूप से माणा गांव और बद्रीनाथ धाम लौट चुके हैं इससे क्षेत्र में आध्यात्मिक पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिली है और स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल है।

ज्योतिर्मठ स्थित स्नो लाइन ट्रेकर्स एडवेंचर के प्रभारी सोहन सिंह अपने छह सदस्यीय बंगाली ट्रैकिंग दल के साथ इस कठिन लेकिन रोमांचक यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा कर लौटे हैं उन्होंने बताया कि पूरे अभियान के दौरान मौसम अनुकूल रहा, जिससे ट्रैकिंग दल को यात्रा का भरपूर आनंद लेने का अवसर मिला।

सोहन सिंह के अनुसार उनकी टीम ने सतोपंथ सरोवर में आस्था की पवित्र डुबकी भी लगाई बद्रीनाथ धाम से आगे चमतोली, लक्ष्मी वन, सहस्त्रधारा और चक्रतीर्थ होते हुए सतोपंथ सरोवर तक पहुंचने वाले इस मार्ग पर ट्रैकर्स को हिमालय के मनमोहक दृश्य, विशाल ग्लेशियर और दुर्लभ प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत अनुभव प्राप्त हुआ।

यात्रा के दौरान दल को विभिन्न हिमालयी पक्षियों के दर्शन भी हुए प्रकृति की बेशकीमती नेमतों से सजा यह क्षेत्र आध्यात्मिक शांति, मानसिक सुकून और साहसिक अनुभव का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है सतोपंथ स्वर्गारोहिणी क्षेत्र एक बार फिर श्रद्धालुओं, पर्वतारोहियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।