

स्थान : ज्योतिर्मठ
ब्यूरो रिपोर्ट


चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक जाम के बीच नगर पालिका परिषद जोशीमठ द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान मारवाड़ी पुल से लेकर विष्णु प्रयाग संगम तक संचालित किया जा रहा है, जहां तीर्थ यात्रियों द्वारा फेंके जा रहे प्लास्टिक और अन्य कूड़े को लगातार एकत्र कर एमआरएफ सेंटर भेजा जा रहा है।


नगर पालिका के पर्यावरण मित्र दिन-रात स्वच्छता बनाए रखने में जुटे हुए हैं। प्रथम पाली में मारवाड़ी क्षेत्र और द्वितीय पाली में रात्रि के समय जोशीमठ नगर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर पूरे ज्योतिर्मठ क्षेत्र को स्वच्छ रखने का प्रयास किया जा रहा है।


चारधाम यात्रा मार्ग पर लंबे ट्रैफिक जाम के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा सड़क किनारे लगातार कूड़ा फेंका जा रहा है, जिससे सफाई व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। इसके बावजूद पालिका कर्मी लगातार अभियान चलाकर क्षेत्र को साफ रखने में जुटे हैं।


पालिका के स्वच्छता सुपरवाइजर अनिल कुमार ने बताया कि पर्यावरण मित्र युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्योतिर्मठ से लेकर विष्णु प्रयाग और अलकनंदा नदी के आसपास के क्षेत्र को प्लास्टिक कचरे से मुक्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से कूड़े का दबाव भी बढ़ गया है, लेकिन पालिका की टीमें लगातार निगरानी और सफाई कार्य में लगी हुई हैं ताकि यात्रियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

पालिका प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे खुले में कूड़ा न फेंकें और डस्टबिन का उपयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छता बनाए रखने में यात्रियों का सहयोग बेहद जरूरी है।


स्थानीय लोगों ने भी नगर पालिका के सफाई कर्मियों की मेहनत की सराहना की है। लोगों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों और लगातार ट्रैफिक जाम के बावजूद सफाई कर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कार्य में जुटे हुए हैं।

