

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र के बरी अंजनिया गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक घर और गौशाला में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में परिवार का बड़ा बेटा और एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि भारी संपत्ति जलकर राख हो गई।


जानकारी के अनुसार, अशोक के घर में सुबह अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में बनी गौशाला को भी अपनी चपेट में ले लिया।


इस भीषण अग्निकांड में गौशाला में रखा भूसा, करीब 20 बोरी गेहूं तथा घर का अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग ने परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।


आग बुझाने के प्रयास में अशोक का बड़ा बेटा गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं गौशाला में बंधी एक भैंस भी आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गई है।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

हेड कांस्टेबल जगदीश नगर कोठी और मनोज देवलाल ने ग्राम प्रधान प्रेम प्रकाश पासी और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक गरीब परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है, जिसके चलते पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मुआवजे की मांग की है।

