लाइनमैन की पोल से गिरकर मौत, कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

लाइनमैन की पोल से गिरकर मौत, कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

स्थान : लालकुआं
ब्यरो रिपोर्ट

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बबूर गुम्टी रेलवे क्रॉसिंग के पास विद्युत पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए लाइनमैन प्रेम सिंह कोरंगा की बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के संजय नगर गौला गेट निवासी प्रेम सिंह कोरंगा (पुत्र जोहार सिंह कोरंगा) बीते दिन दोपहर करीब 1 बजे बिजली लाइन दुरुस्त करने के लिए पोल पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक बताई गई।

डॉक्टरों के अनुसार, गिरने के दौरान सिर के बल चोट लगने से उन्हें गंभीर ब्रेन हैमरेज हुआ था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी से बरेली रेफर किया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिजनों का आरोप है कि हादसे की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई। बताया गया कि घटना दोपहर 1 बजे हुई थी, जबकि परिवार को शाम करीब 4:30 बजे तक भी इसकी सूचना नहीं मिली थी। इस देरी को लेकर परिजनों में गहरी नाराजगी है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित ठेकेदार के सुपरवाइजर द्वारा प्रेम सिंह को लगातार काम के लिए फोन कर बुलाया जा रहा था। यह कार्य जेडीएम इंटरप्राइजेज के अंतर्गत कराया जा रहा था, जिससे सुरक्षा मानकों और कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों और ग्रामीणों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान सुरक्षा उपकरणों और मानकों की अनदेखी की गई, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं हादसे के बाद भी मामले को ठीक से हैंडल नहीं किया गया, जिस कारण स्थिति और गंभीर हो गई।

इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों ने आरोप लगाया है कि मामले में लापरवाही बरती गई है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई जरूरी है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग करते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।