मसूरी में नो पार्किंग पर सख्त कार्रवाई, वाहनों पर लगे क्लैंप

मसूरी में नो पार्किंग पर सख्त कार्रवाई, वाहनों पर लगे क्लैंप

स्थान :मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

मसूरी में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर नगर पालिका परिषद ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। शहर में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत आज पालिका टीम ने कई वाहनों पर क्लैंपिंग की कार्रवाई की।

नगर पालिका की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पहले चरण में पालिका द्वारा टैक्सी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है, जबकि अगले चरण में निजी वाहनों पर भी सख्ती की जाएगी।

पालिका अधिकारियों का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी में भारी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे शहर में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन समस्या को और गंभीर बना देते हैं।

नगर पालिका की इस पहल से स्थानीय लोगों और शहर के बुद्धिजीवियों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रही तो शहर में यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुधर सकती है।

इससे पहले भी नगर पालिका द्वारा नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई थी, हालांकि उस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया था। बावजूद इसके, शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पालिका ने दोबारा अभियान शुरू कर दिया है।

नगर पालिका कर्मचारियों को शहर के विभिन्न इलाकों में तैनात किया गया है। ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है जहां चार पहिया और दोपहिया वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं और जाम की स्थिति पैदा होती है।

गौरव भसीन ने स्पष्ट किया है कि शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि पालिका बोर्ड द्वारा चार पहिया और दोपहिया वाहनों के लिए जुर्माने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। मसूरी को “क्वीन ऑफ द हिल्स” की पहचान बनाए रखने और पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने के लिए नगर पालिका हर संभव प्रयास कर रही है।