

स्थान : रामनगर
ब्यरो रिपोर्ट


कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे रामनगर वन प्रभाग की मोहान रेंज में इन दिनों गुलदार का आतंक बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना मोहान गांव की है, जहां एक गुलदार ने घर के आंगन में मौजूद पालतू कुत्ते पर हमला कर उसे उठा लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।


जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। घर के बाहर एक सफेद रंग का पालतू कुत्ता आंगन में घूमकर घर की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से आए गुलदार ने कुत्ते पर हमला कर दिया।


सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि गुलदार बेहद तेजी से आंगन में घुसा और कुछ ही सेकंड में कुत्ते को मुंह में दबाकर जंगल की ओर भाग गया। घटना इतनी अचानक हुई कि परिवार के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।


घटना के बाद पूरे मोहान क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहान क्षेत्र में कई रिसॉर्ट भी मौजूद हैं, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक ठहरने आते हैं। ऐसे में गुलदार की बढ़ती गतिविधियां पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गई हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गुलदार को नहीं पकड़ा गया तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।


वन विभाग की टीम को घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने, बच्चों और पालतू जानवरों को अकेला बाहर न छोड़ने तथा जंगल के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

