

स्थान :देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट


देहरादून के सेलाकुई और सिडकुल औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के प्रदर्शन और हालिया पथराव की घटनाओं के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने इन क्षेत्रों में धारा 163 बीएनएसएस लागू कर दी है।


प्रशासन के अनुसार वेतन वृद्धि को लेकर चल रहे श्रमिक आंदोलन के बीच स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। इसी दौरान लाइटेनियम टेक्नोलॉजी और डिक्सन टेक्नोलॉजी में पथराव की घटनाएं सामने आईं, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन कड़े कदम उठाए हैं।


जारी आदेशों के अनुसार अब क्षेत्र में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने धरना, प्रदर्शन, जुलूस और किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।


इसके साथ ही बिना अनुमति लाउडस्पीकर, डीजे और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सामान्य स्थिति बनाए रखना है।
दून पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में फ्लैग मार्च भी किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार से कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।


औद्योगिक क्षेत्रों में कामकाज सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से निगरानी कर रहे हैं। फैक्ट्री प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के साथ भी लगातार संवाद बनाए रखा जा रहा है।
प्रशासन ने आम नागरिकों, श्रमिकों और उद्योग प्रबंधन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग कानून का पालन करें और किसी भी तरह की उकसावे वाली गतिविधियों से दूर रहें।

