रामनगर में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला दहन

रामनगर में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला दहन

स्थान : रामनगर
ब्यरो रिपोर्ट

रामनगर में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रानीखेत रोड पर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में कुछ समय तक राजनीतिक माहौल गर्म बना रहा। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतें वापस लो”, “बहुत हुई महंगाई की मार, बस करो भाजपा सरकार” और “हमें लौटा दो पुराने दिन” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उनका कहना था कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को घर चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रणजीत सिंह रावत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने जनता से अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन आज आम नागरिक महंगाई की मार से परेशान है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, खाद्य तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता की क्रय शक्ति कमजोर हो गई है। रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों से पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने और सोना कम खरीदने की अपील कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि जनता की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

पूर्व विधायक ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है और रुपया लगातार गिरावट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल दिखावटी राजनीति कर रही है और जनता की वास्तविक समस्याओं से ध्यान हटाया जा रहा है।

रणजीत सिंह रावत ने कहा कि मंत्री साइकिल और पैदल चलने का प्रदर्शन करते हैं, लेकिन उनके पीछे सरकारी वाहनों का लंबा काफिला चलता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हालातों का हवाला देते हुए कहा कि कई देशों ने कठिन परिस्थितियों में भी पेट्रोल-डीजल के दाम कम किए, लेकिन भारत में लगातार जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले दिनों में और बड़ा जनआंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।