

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट


हल्द्वानी में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुद्ध पार्क में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन करते हुए जमकर नारेबाजी की और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा।


कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार ईंधन के दाम बढ़ाकर आम जनता की कमर तोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।


प्रदर्शनकारियों ने कहा कि परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है, जिन्हें घरेलू खर्च चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


गोविंद सिंह बिष्ट ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर सरकार ने अपनी मंशा साफ कर दी है।
गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि रविवार महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है, लेकिन केंद्र सरकार केवल प्रचार और जुमलों की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक महंगाई से परेशान है, युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं और किसान आर्थिक संकट झेल रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता के बजाय बड़े कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी और जनविरोधी नीतियों का विरोध जारी रखेगी।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई कम करने और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील भी की।
विरोध प्रदर्शन में मलय बिष्ट, राजू सुयाल, सुमित कुमार, हेमन्त साहू, हेम पांडे, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, डॉ. मयंक भट्ट, मुकुल बलुटिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

