

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट


कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में हरक सिंह रावत ने प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की स्थिति और श्रम नीतियों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।


हरक सिंह रावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल में प्रदेश में बड़े स्तर पर उद्योग स्थापित किए गए थे। उस समय यह व्यवस्था बनाई गई थी कि हर फैक्ट्री में 70 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जाएगा, ताकि प्रदेश के युवाओं को नौकरी के अवसर मिल सकें।


उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार मजदूरों और स्थानीय युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि रविवार प्रदेश में श्रमिकों को मिलने वाला न्यूनतम वेतन लगातार बढ़ती महंगाई के मुकाबले बेहद कम है, जिससे मजदूर परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

हरक सिंह रावत ने पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अकुशल श्रमिकों को कम से कम 20 हजार रुपये मासिक वेतन मिलना चाहिए। वहीं अर्द्धकुशल श्रमिकों को 23 हजार, कुशल श्रमिकों को 25 हजार और उच्च कुशल श्रमिकों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाने चाहिए।
उन्होंने महिला श्रमिकों की समस्याओं को भी गंभीर मुद्दा बताया। हरक सिंह रावत ने कहा कि कई औद्योगिक इकाइयों में महिलाओं के लिए अलग शौचालय तक की उचित व्यवस्था नहीं है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर महिला कर्मचारियों का उत्पीड़न भी किया जाता है।

उन्होंने कहा कि श्रम विभाग का अनावश्यक हस्तक्षेप बंद होना चाहिए और महिला श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि फैक्ट्रियों में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर सख्त नियम लागू किए जाएं।


हरक सिंह रावत ने यह भी कहा कि श्रमिकों से आठ घंटे से अधिक कार्य नहीं कराया जाना चाहिए। यदि किसी कर्मचारी से अतिरिक्त समय तक काम लिया जाता है तो उसे निर्धारित नियमों के अनुसार अतिरिक्त भुगतान मिलना चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मजदूरों की जायज मांगों को जल्द नहीं माना गया तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी।

