सेलाकुई में उपद्रवियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 गिरफ्तार

सेलाकुई में उपद्रवियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 गिरफ्तार

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

सेलाकुई स्थित डिक्सन फैक्ट्री में श्रमिकों के प्रदर्शन की आड़ में उपद्रव और पुलिस पर पथराव करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 16 मई को डिक्सन फैक्ट्री में श्रमिक अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हुए फैक्ट्री परिसर और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी सहसपुर के नेतृत्व में थाना सेलाकुई और सहसपुर कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि कुछ लोग संगठित होकर अलग-अलग फैक्ट्रियों और मोहल्लों में जाकर श्रमिकों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों को रोककर उनके साथ मारपीट और जोर-जबरदस्ती भी की जा रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे 10 लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और फैक्ट्री परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।