हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, 23 मई को खुलेंगे कपाट

हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, 23 मई को खुलेंगे कपाट

स्थान : चमोली
ब्यरो रिपोर्ट

हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। यात्रा प्रबंधन का जिम्मा संभाल रही गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट द्वारा ऋषिकेश से लेकर गोविंद धाम और हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

यात्रा मार्ग पर जमी बर्फ को हटाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है। भारतीय सेना और ट्रस्ट के सेवादार मिलकर आस्था पथ को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित बनाने में जुटे हुए हैं। कठिन मौसम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार काम किया जा रहा है ताकि यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो सके।

इस वर्ष यात्रा का शुभारंभ 20 मई को ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा साहिब से किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। गुरु महाराज के पवित्र पंच प्यारों की अगुवाई में वर्ष के पहले जत्थे को हेमकुंड साहिब के लिए रवाना किया जाएगा।

सेवा सिंह ने बताया कि यात्रा से जुड़े सभी गुरुद्वारों में रंग-रोगन और पुष्प सज्जा का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं ताकि संगतों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि 21 मई को पहला जत्था संगतों के साथ गोविंद घाट पहुंचेगा। इसके बाद 22 मई को श्रद्धालु गोविंद धाम पहुंचेंगे और 23 मई को हेमकुंड साहिब के लिए रवाना होंगे। इसी दिन ग्रीष्मकाल के लिए हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

ट्रस्ट के अनुसार कपाट खुलने से पहले गुरुद्वारे को करीब साढ़े तीन क्विंटल ताजे फूलों से सजाया जाएगा। पूरी यात्रा को आध्यात्मिक और भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन, सेना और ट्रस्ट के सेवादार मिलकर लगातार कार्य कर रहे हैं। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य, भोजन, ठहरने और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्थाएं भी मजबूत की जा रही हैं।

सेवा सिंह ने कहा कि गुरु महाराज की कृपा से इस वर्ष यात्रा का शुभारंभ बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ होने जा रहा है। उन्होंने संगतों से सुरक्षित यात्रा करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।