बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला दहन

बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला दहन

स्थान : मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने रविवार शहीद भगत सिंह चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा गया।

अमित गुप्ता ने कहा कि देश का हर नागरिक पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से परेशान है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्गीय और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है, जिन्हें घर चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अमित गुप्ता ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनके अनुसार गरीब और कमजोर वर्ग आज सबसे अधिक आर्थिक संकट झेल रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले जब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी होती थी, तब भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करते थे। लेकिन आज जब देशभर में महंगाई चरम पर है, तब भाजपा नेता और कार्यकर्ता इस मुद्दे पर बोलने से बच रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका जवाब देगी। अमित गुप्ता ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।

वहीं जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि करोड़ों युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं और देश में आर्थिक हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं।

जोत सिंह गुनसोला ने आरोप लगाया कि देश में लाखों उद्योग बंद हो चुके हैं और हजारों निवेशक भारत छोड़कर दूसरे देशों में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता अब भाजपा सरकार से नाराज है और आने वाले चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई कम करने, रोजगार बढ़ाने और आम जनता को राहत देने की मांग उठाई।