हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा करते हुए नवनीत भूल्लर ने बताया कि आरोपी ने डायल 112 पर कॉल कर शहर को चार दिनों के भीतर बम धमाके से उड़ाने की धमकी दी थी।

एसएसपी नवनीत भूल्लर के अनुसार 17 मई 2026 की रात सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। कॉलर ने हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी देने के साथ-साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और देश व राज्य के वरिष्ठ पदाधिकारियों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। थाना कोतवाली नगर में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान करने में सफलता मिली।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा थाना यमकेश्वर जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। आरोपी की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में यह हरकत की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नशे की हालत में डायल 112 पर कॉल कर धमकी दी थी। हालांकि जांच में अब तक आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की धमकियों को बेहद गंभीरता से लिया जाता है, क्योंकि इससे आम जनता में भय और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो सकता है। पुलिस ने लोगों से जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।