सीबीएसई 12वीं में राज्य टॉपर अरीना रघुवंशी से सीएम धामी ने की फोन पर बात, दी शुभकामनाएं

सीबीएसई 12वीं में राज्य टॉपर अरीना रघुवंशी से सीएम धामी ने की फोन पर बात, दी शुभकामनाएं

स्थान : हल्दवानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

देहरादून/हल्द्वानी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सीबीएसई 12वीं परीक्षा में उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हल्द्वानी की छात्रा अरीना रघुवंशी से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने अरीना की उपलब्धि को पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

सीएम धामी ने बातचीत के दौरान कहा कि राज्य की बेटियां लगातार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की यह उपलब्धियां समाज के लिए सकारात्मक संदेश देती हैं।

उन्होंने अरीना रघुवंशी की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां यह दर्शाती हैं कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों, तो सफलता निश्चित है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और कठिन परिश्रम को अपनी आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

अरीना की इस उपलब्धि के बाद परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है। शिक्षक और स्थानीय लोग भी उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी आगे बढ़ सकें।

हल्द्वानी की इस होनहार छात्रा की उपलब्धि को राज्यभर में सराहना मिल रही है और इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।