

स्थान :लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी


लालकुआं। विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की सक्रियता लगातार देखने को मिल रही है। इसी क्रम में उन्होंने नैनीताल–बरेली रोड का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनिल कुमार जिंदल, प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद कुमार सिंह सहित पूरी तकनीकी टीम मौजूद रही। विधायक ने शिवपुरी से हल्दूचौड़ तक चल रहे सर्विस लेन निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क परियोजनाएं क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए विधायक ने हल्दूचौड़ में यू-टर्न कट खोलने के भी निर्देश दिए। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होने और जाम की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा हल्दूचौड़ और गोरापड़ाव क्षेत्रों में फुट ओवर ब्रिज निर्माण के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी प्रमुख यू-टर्न स्थलों पर सड़क चौड़ीकरण करने पर जोर दिया गया।

विधायक ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से तय समय सीमा में कार्य पूरा करने को कहा।


निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा और गुणवत्ता मानकों का पूरा पालन किया जाएगा।
लालकुआं क्षेत्र में सड़क विकास कार्यों को लेकर इस पहल से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में यातायात व्यवस्था और अधिक बेहतर होगी।

