

स्थान : खटीमा
रिपोर्ट : अशोक सरकार

Khatima के विकास खंड सभागार में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी Nitin Singh Bhadoria ने की, जहां बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।


इस दौरान जिलाधिकारी ने जनता से सीधा संवाद करते हुए विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुना। तहसील दिवस में सड़क, नाली निर्माण, हैंडपंप, शिक्षा, आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेयजल, बिजली और भूमि विवाद से संबंधित कुल 92 शिकायतें दर्ज की गईं।


डीएम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही 22 शिकायतों का निस्तारण किया, जबकि 40 अन्य मामलों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत शामिल कर समाधान के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और जिस स्तर पर समस्या है, उसका समाधान उसी स्तर पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि पंजीकृत शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर हो। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।


तहसील दिवस में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, दर्जा राज्यमंत्री राजपाल सिंह, सतीश भट्ट, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, तहसीलदार वीरेंद्र सजवान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


