

स्थान : गदरपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

Gadarpur के ढीमरखेड़ा गांव में एक बंद पड़े मकान में संदिग्ध मांस मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह ग्रामीणों ने मकान के अंदर मांस के अवशेष देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मांस के सैंपल लेकर उसकी जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मांस किस पशु का है।


ग्रामीणों का दावा है कि उन्हें मौके पर गोवंश से जुड़े मांस के अवशेष दिखाई दिए। कई ग्रामीणों ने घटनास्थल के वीडियो भी बनाए हैं, जिन्हें जांच के लिए पुलिस को सौंपा जा रहा है।


ग्राम प्रधान बृजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और वीडियो रिकॉर्डिंग की है। उनका कहना है कि मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

स्थानीय महिला विमला देवी ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे गांव का माहौल खराब होता है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


वहीं भैरव सेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार महाजन ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि उन्हें पुलिस और सरकार पर पूरा भरोसा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


स्थानीय ग्रामीण हरफूल सिंह ने आशंका जताई कि यह घटना सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


