

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा के रामगढ़ ब्लॉक में लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। तल्ला रामगढ़ से झूतिया–हली तक करीब 8 किलोमीटर मोटर मार्ग की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।


बरसात के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती थी, जब सड़क पर कीचड़ के कारण वाहन फंस जाते थे और लोगों को पैदल चलने तक में परेशानी होती थी। इसको लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्रीय मंत्री राम सिंह कैड़ा से सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। अब इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत कर दिया गया है।

तल्ला रामगढ़–झूतिया-हली मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 5 करोड़ 28 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा रामगढ़ के डाकबंगला से तूनयुरा–खोपा मोटर मार्ग के लिए भी 41 लाख रुपये का बजट मंजूर किया गया है और शासनादेश जारी कर दिया गया है।
मंत्री कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही दोनों सड़कों पर डामरीकरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार का कार्य लगातार किया जा रहा है। सरकार क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है।


इस निर्णय से क्षेत्र की जनता में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा और सरकार का आभार जताते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य पूरा होगा और उन्हें बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।


