

स्थान : रुद्रप्रयाग
ब्यूरो रिपोर्ट

केदारनाथ धाम की विश्व प्रसिद्ध यात्रा इस वर्ष नए आयाम स्थापित करती नजर आ रही है। यात्रा के शुरुआती चरण से ही श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या धाम पहुंच रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।


भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। प्रशासन की सक्रियता के चलते यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है, जिससे यात्रा अनुभव और भी बेहतर बन रहा है।


जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा स्वयं व्यवस्थाओं की कमान संभाले हुए हैं और लगातार निगरानी कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल, भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं, ताकि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रहे।

धाम क्षेत्र में साफ-सफाई, आवास व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता दी गई है। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों के समन्वित प्रयासों से यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाया जा रहा है।

देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु भी इन व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना कर रहे हैं। गाजियाबाद से आए अनिल कौशिक ने बताया कि उन्हें बाबा केदारनाथ के दर्शन बेहद सहजता से हुए और प्रशासन की व्यवस्था सराहनीय है।


वहीं Delhi से आए श्रद्धालु युगल समनिया और बेंगलुरु से आए नवीन सहित नागपुर के राजेंद्र ने भी व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए इसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतरीन प्रबंधन का उदाहरण बताया।


