

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी–काठगोदाम (नैनीताल): पर्यटन सीजन और वीकेंड पर बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 02 और 03 मई 2026 को प्रातः 09:00 बजे से रात्रि 22:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।


पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि इस दौरान भारी वाहनों के आवागमन पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को सुबह 08:00 बजे से रात 21:00 बजे तक जनपद सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।


जिले के भीतर चलने वाले भारी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा, जिनमें नंबर 01 बैंड के पीछे सड़क किनारा, एचएमटी क्षेत्र, पुलिस चौकी सलड़ी क्षेत्र तथा अमृतपुर मोड़ और मैगी प्वाइंट के भीतर के स्थान शामिल हैं।


मैदानी क्षेत्र से पर्वतीय मार्गों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार क्षेत्र, पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर डिवाइडर के पास और खेड़ा चौकी के आगे प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पर्यटक वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। बरेली रोड से आने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा (काठगोदाम) के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे। रुद्रपुर और पंतनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए दिनेशपुर मोड़, NH-109, लालकुआँ और तीनपानी फ्लाईओवर होकर मार्ग निर्धारित किया गया है।

रामनगर और बाजपुर की ओर से आने वाले वाहन कालाढूंगी–नैनीताल तिराहा और मंगोली मार्ग से होकर गुजरेंगे, जबकि पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहन नारीमन तिराहा और गोलापार रोड के माध्यम से डायवर्ट किए जाएंगे।


विशेष प्रतिबंध के तहत LPG वाहनों को छोड़कर अन्य आवश्यक सेवाओं जैसे दूध, सब्जी और ईंधन आपूर्ति से जुड़े वाहनों का संचालन दोपहर 14:00 बजे से रात 22:00 बजे तक सीमित रहेगा।

शाम 16:00 बजे से 21:00 बजे के बीच नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्र की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को नंबर 01 बैंड और रूसी बाईपास से डायवर्ट कर मंगोली और कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात योजना का पालन करें और सहयोग बनाए रखें, ताकि वीकेंड के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।

