बुद्ध पूर्णिमा पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब, हर की पैड़ी पर उमड़ी भीड़

बुद्ध पूर्णिमा पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब, हर की पैड़ी पर उमड़ी भीड़

लोकेशन : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

गौतम बुद्ध की जयंती के रूप में मनाई जा रही बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हर की पैड़ी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं और पवित्र गंगा नदी में स्नान कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं।

हिंदू पंचांग के अनुसार वैशाख शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भगवान गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था, जिन्हें शांति और अहिंसा का प्रतीक माना जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु के अवतार के रूप में भी गौतम बुद्ध की पूजा की जाती है। इसी कारण इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना का भी महत्व है।

बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर हर की पैड़ी सहित अन्य गंगा घाटों पर सुबह से ही स्नान का सिलसिला जारी है। श्रद्धालु स्नान के बाद मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को 8 जोन और 21 सेक्टर में बांटा है। हर जोन में पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

अधिकारियों के अनुसार शाम तक हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।