

स्थान : खटीमा
रिपोर्ट : अशोक सरकार

Pushkar Singh Dhami ने अपने खटीमा दौरे के दौरान एक बार फिर अपने सरल और संवेदनशील व्यक्तित्व की झलक दिखाई। ग्राम सभा श्रीपुर बिचुआ पहुंचकर उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और साथ ही स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।


मुख्यमंत्री श्रीपुर बिचुआ गांव में स्थानीय निवासी रमेश सिंह चड्डा के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती रामा देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने परिजनों के साथ समय बिताया और उन्हें ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।


दौरे के दौरान सीएम धामी ने यह स्पष्ट किया कि सरकार आम जनता के दुख-दर्द में हमेशा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवार के साथ है और हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अपने दौरे को केवल संवेदना तक सीमित नहीं रखा, बल्कि प्रशासनिक जिम्मेदारी का भी परिचय दिया। उन्होंने गांव में मौजूद ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को बारीकी से सुना।

जनता की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय चेहरा उस समय और भी उभरकर सामने आया, जब वे हेलीपैड पर मौजूद बच्चों से मिले। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनका उत्साहवर्धन किया, जिससे बच्चे काफी खुश और उत्साहित नजर आए।


इस दौरान जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय रहा। डीएम नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


