देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र में लूट के बाद पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश घायल, उपचार के दौरान मौत

देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र में लूट के बाद पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश घायल, उपचार के दौरान मौत

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

थाना प्रेमनगर क्षेत्र में बीती रात उस समय सनसनी फैल गई जब कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति से लूट की घटना को अंजाम दिया गया है और इसी दौरान उसे गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला

घटनास्थल पर घायल अवस्था में मिले पीड़ित ने अपना नाम देवराज बताया। उसने पुलिस को जानकारी दी कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने उसके साथ तमंचे की नोक पर लूटपाट की। बदमाश उसके पास से लगभग दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित ने बताया कि लूट के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और वह विश्रांति क्षेत्र की ओर भाग गए। पुलिस ने घायल व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार दिलवाया और बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में कॉम्बिंग शुरू कर दी।

पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर जंगल क्षेत्र में काले रंग की संदिग्ध कार दिखाई दी। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने लगे।

बदमाशों की फायरिंग के दौरान एक गोली प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक को भी लग गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना के बाद घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल थाना प्रभारी को तत्काल प्रेमनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से तीनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे तथा अस्पताल में घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई और सभी बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आगे की जांच व आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रखी गई है।

फरार अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस द्वारा जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और जांच जारी है।