

स्थान : देहरादून (सहसपुर)
ब्यरो रिपोर्ट

सोशल मीडिया पर शुरू हुआ मामूली विवाद सड़क पर खूनी संघर्ष में बदल गया। सहसपुर क्षेत्र में व्हाट्सएप ग्रुप में हुई कहासुनी के बाद दो दोस्तों के गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया।

घटना 26 अप्रैल की बताई जा रही है, जब लांघा रोड स्थित शीतला नदी पुल के पास एक गुट ने दूसरे गुट की कार को रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल युवकों की हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एसएसपी के निर्देश पर सहसपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच टीम का गठन किया।


तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 28 अप्रैल को इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान घटना के बाद की गई और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।


जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी और घायल पहले एक-दूसरे के दोस्त थे। व्हाट्सएप ग्रुप में हुई कहासुनी के बाद दो गुट बन गए और पुरानी दोस्ती दुश्मनी में बदल गई, जिसने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।

