हरिद्वार में अवैध खनन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 बुग्गियां जब्त

हरिद्वार में अवैध खनन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 बुग्गियां जब्त

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने टिहरी विस्थापित नदी रपटे क्षेत्र में अचानक छापेमारी कर अवैध खनन गतिविधियों का भंडाफोड़ किया। इस दौरान नदी से रेत और बजरी निकालने में लगी गतिविधियों को रोकने के लिए मौके पर दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 बुग्गियों को जब्त कर लिया, जिन्हें भैंसों के जरिए संचालित कर नदी से अवैध रूप से खनन सामग्री निकाली जा रही थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले कई आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की गतिविधियां जारी थीं, जिससे नदी के पर्यावरण और प्रवाह पर भी असर पड़ रहा था। शिकायतों के बावजूद यह कारोबार छुपकर चलता आ रहा था।

अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खनन में शामिल लोग पुलिस की सख्ती देखकर सामान छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को कुछ समय के लिए नियंत्रण में ले लिया।

पुलिस द्वारा जब्त की गई सभी बुग्गियों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों और उपजिलाधिकारी को भेजी जा रही है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नदी क्षेत्रों में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।