श्यामपुर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कार में मिला शव

श्यामपुर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कार में मिला शव

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार बायपास मार्ग पर टीएचडीसी गेट के बाहर खड़ी एक कार से सोमवार को 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक कार को पूरी रात खड़ा देखा था। वाहन संदिग्ध स्थिति में होने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मामला सामने आया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन के अंदर एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पाया गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान वीनित डोभाल पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी श्यामपुर बैटरी फार्म, ऋषिकेश के रूप में हुई है। वे पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताए जा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार रविवार सुबह वीनित से अंतिम बार फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया था। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया।

सोमवार शाम लगभग 5:30 बजे उनका शव कार संख्या यूपी 16 बीजेड 7197 में पाया गया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।