उत्तराखंड में मदरसों को शिक्षा विभाग से जोड़ने की तैयारी, सरकार और संचालकों के बीच बैठक

उत्तराखंड में मदरसों को शिक्षा विभाग से जोड़ने की तैयारी, सरकार और संचालकों के बीच बैठक

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश में संचालित मदरसों को शिक्षा विभाग के अधीन लाने की दिशा में सरकार ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को हरिद्वार स्थित डाम कोठी में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास ने मदरसा संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में मोहम्मद शहजाद की अगुवाई में हरिद्वार और देहरादून जिलों से आए दर्जनों मदरसा संचालकों और इस्लामिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मदरसा बोर्ड भंग होने के बाद नई व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

मदरसा संचालकों ने अपनी व्यावहारिक समस्याएं रखते हुए कहा कि वे आधुनिक शिक्षा को अपनाने के पक्ष में हैं, लेकिन उनकी धार्मिक शिक्षा में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।

मौलानाओं और इस्लामिक धर्मगुरुओं ने सरकार से स्पष्ट नीति और दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की, ताकि मदरसों का संचालन सुचारू रूप से जारी रह सके।

इस पर मंत्री खजान दास ने आश्वासन दिया कि सरकार सभी पक्षों से संवाद बनाकर समाधान निकालेगी और किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल मदरसों में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है, न कि धार्मिक शिक्षा में हस्तक्षेप करना।

बैठक के दौरान यह भी सहमति बनी कि आगे भी इस विषय पर संवाद जारी रहेगा, ताकि सभी हितधारकों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था बनाई जा सके।

इस पहल को लेकर प्रदेश में चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे शिक्षा सुधार के एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।