

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने राज्य में एक दिवसीय विशेष विधानसभा सत्र बुलाने की घोषणा की है। इस संबंध में प्रस्ताव महामहिम राज्यपाल को अनुमोदन के लिए भेज दिया गया है और स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


उन्होंने बताया कि इस विशेष सत्र का मुख्य विषय “नारी सम्मान, लोकतंत्र में अधिकार” रहेगा, जिस पर सदन के सभी सदस्य अपने विचार रखेंगे। सत्र को लेकर तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।

सत्र के सुचारू संचालन के लिए 26 तारीख को सुरक्षा बैठक और 27 तारीख को कार्यमंत्रणा समिति तथा सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।


महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” सर्वसम्मति से पारित हुआ था, जिससे यह उम्मीद जगी थी कि सभी दल महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एकजुट हैं।
लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि जब 2026 में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया, तो विपक्ष ने जाति और धर्म जैसे मुद्दों को उठाकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया।


ऋतु खंडूरी भूषण ने कहा कि यह रुख महिलाओं के प्रति विपक्ष की नकारात्मक सोच को दर्शाता है और इससे महिला सशक्तिकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिल को अपेक्षित समर्थन न मिलना दुखद है, लेकिन देश की महिलाएं इससे निराश नहीं हैं और आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।


अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी और महिलाएं भविष्य में और अधिक सशक्त होकर उभरेंगी।

