लक्सर में ब्लाइंड मर्डर का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

लक्सर में ब्लाइंड मर्डर का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

स्थान : लक्सर
ब्यरो रिपोर्ट

लक्सर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने भोगपुर में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का सामान और हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा व पेचकस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल को भोगपुर स्थित मंदिर के केयरटेकर राजवीर (निवासी गोधना, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर) की अज्ञात हमलावर ने हथौड़े से वार कर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी मंदिर से इन्वर्टर और चढ़ावे के करीब 200 रुपये चोरी कर फरार हो गया था। इसके अलावा पास के एक अन्य मंदिर से एम्पलीफायर चोरी होने का मामला भी सामने आया था। दोनों घटनाओं के संबंध में कोतवाली लक्सर में मुकदमे दर्ज किए गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए Haridwar के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी देहात शेखर सुयाल और सीओ लक्सर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की।

पुलिस ने 14 अप्रैल को टांडा भागमल क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जब वह चोरी का सामान लेकर फरार होने की फिराक में था। आरोपी की पहचान विशाल चौधरी (25), पुत्र परविंदर कुमार, निवासी अलमासपुर, नई मंडी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर है और शराब का आदी बताया जा रहा है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काम की तलाश में कनखल आया था और भोगपुर में अपनी मौसी के घर रुका हुआ था। रात में वह मौसी के घर से हथौड़ा और पेचकस लेकर चोरी के इरादे से मंदिर पहुंचा। ताला तोड़ने के दौरान केयरटेकर के जाग जाने पर उसने हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।