

लोकेशन – रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

देर रात शहर के सती मोहल्ला, इंदिरा पार्क के पास खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई, लेकिन फायर यूनिट की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 11 बजे की है, जब इंदिरा पार्क के समीप खड़ी निसान मैग्नाइट कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार धू-धू कर जलने लगी। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।


सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि कार के पेट्रोल टैंक को फटने से बचा लिया गया। यदि पेट्रोल टैंक में विस्फोट हो जाता तो आसपास के इलाके में बड़ा नुकसान हो सकता था।

हालांकि, आग की चपेट में आने से कार लगभग 90 प्रतिशत तक जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि जली हुई कार वर्ष 2021 मॉडल की थी, जो मंगलौर निवासी सबीना के नाम पर पंजीकृत है।

घटना की सूचना पर कोतवाली सिविल लाइन पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दे दी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


