

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

परिवहन विभाग द्वारा “नारी शक्ति रोड सेफ्टी संकल्प” के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सड़क सुरक्षा के प्रति उनकी भूमिका पर चर्चा करना रहा।


कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से आई महिला परिवहन अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने परिवहन विभाग में महिलाओं की बढ़ती संख्या पर खुशी जताते हुए कहा कि अब महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। साथ ही, उन्होंने अपने कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों और संघर्षों पर भी खुलकर चर्चा की।


इस दौरान परिवहन मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों से नहीं, बल्कि जागरूकता और जिम्मेदारी से सुनिश्चित होती है, जिसमें महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के अंत में उन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जो अपने परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने कार्यक्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। साथ ही, वे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक बना, बल्कि समाज में सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात के संदेश को भी मजबूती से आगे बढ़ाने का प्रयास रहा।


