

स्थान : लखनऊ
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक 26 वर्षीय युवती लवली के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के गायब हुए छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।


जानकारी के अनुसार, लवली जनपद खुटार से लखनऊ आई थी और वह चारबाग रेलवे स्टेशन क्षेत्र से पीजीआई जाने के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई।


परिजनों के मुताबिक, लवली ने अंतिम बार अपने पति अर्पित कन्नौजिया को फोन किया था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है।

बताया गया कि युवती डालीगंज से चारबाग पहुंची थी और वहां से एक ऑटो में बैठकर पीजीआई के लिए रवाना हुई थी। उसकी आखिरी लोकेशन चारबाग क्षेत्र में ही ट्रेस हुई, जिसके बाद मामला संदिग्ध हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिवार ने पहले खुद तलाश शुरू की, लेकिन सफलता न मिलने पर हुसैनगंज पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस टीम द्वारा आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और युवती की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

इस बीच युवती की मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपनी बेटी को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस ने युवती की सुरक्षित बरामदगी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और आम जनता से सहयोग की अपील की है।

