सितारगंज में भीषण सड़क हादसा: डंफर की टक्कर से 3 युवकों की मौत, एक गंभीर

सितारगंज में भीषण सड़क हादसा: डंफर की टक्कर से 3 युवकों की मौत, एक गंभीर

स्थान : सितारगंज
ब्यरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सितारगंज-अमरिया पीलीभीत रोड पर मलपुरी के पास एक राइस मिल के सामने तेज रफ्तार डंफर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल सवार युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस हादसे में ग्राम गौरीखेड़ा निवासी 19 वर्षीय सुल्तान, 17 वर्षीय नाजिम और 26 वर्षीय मोहम्मद सदाब की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 15 वर्षीय मोहम्मद कैफ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत 108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे बेकाबू डंफर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद डंफर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।