

स्थान : ऊधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड सरकार में परिवहन व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री तथा जनपद ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा पहली बार रुद्रपुर पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।


रुद्रपुर पहुंचने पर मंत्री प्रदीप बत्रा का पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


इस अवसर पर प्रदीप बत्रा ने कहा कि वह स्वयं को एक सामान्य कार्यकर्ता मानते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो अवसर दिया है, वह सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित रहेंगे।
मंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता है और अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने आगे कहा कि जनपद प्रभारी के रूप में जो दायित्व उन्हें सौंपा गया है, उसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जाएगा और जिले के विकास को नई गति दी जाएगी।

प्रदीप बत्रा ने कहा कि राज्य सरकार लगातार कठोर और जनहितकारी निर्णय लेकर उत्तराखंड को सशक्त और मजबूत बनाने का कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश की पहचान देश के अग्रणी राज्यों में बन रही है।

