

स्थान : किच्छा
रिपोर्टर : राजू सहगल

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक युवक और एक महिला को भारी मात्रा में स्मैक व हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।


पहली कार्रवाई रुद्रपुर और दूसरी कार्रवाई किच्छा कोतवाली अंतर्गत क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 236 ग्राम स्मैक और 133 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।


पकड़ा गया युवक उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का निवासी अर्जुन कुमार बताया जा रहा है। वहीं, किच्छा पुलिस और एंटी नार्कोटिक्स यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में 42 वर्षीय महिला तस्कर सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर को गिरफ्तार किया गया।


महिला के कब्जे से बरामद हेरोइन की मात्रा लाखों रुपए की मानी जा रही है। पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि वह स्थानीय व्यक्ति जसवंत सिंह से हेरोइन खरीदकर रुद्रपुर, हल्द्वानी और किच्छा समेत आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करती थी।
पुलिस के अनुसार, महिला पिछले डेढ़ साल से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थी और इससे पहले कच्ची शराब के मामले में भी जेल जा चुकी है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है और उसकी गतिविधियों की पूरी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अभियान “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के तहत लगातार ऐसी कार्रवाई की जा रही है ताकि युवाओं और समाज को नशे के खतरे से बचाया जा सके। दोनों गिरफ्तार आरोपी नशा तस्करी की बड़ी कड़ी माने जा रहे हैं।

